Home›Khabar Junction›
6 300 Crore Investment In Agrifoodtech Reliance On Established Companies Rather Than New Startups
एग्रीफूडटेक में 6,300 करोड़ रुपये का निवेश: नए स्टार्टअप के बजाय पुरानी कंपनियों पर बढ़ा भरोसा
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sat, 21 Nov 2026 08:36 AM IST
सार
भारत के एग्रीफूडटेक सेक्टर में 2025 में 701 मिलियन डॉलर से ज्यादा का निवेश हुआ। हालांकि, नए स्टार्टअप को सिर्फ 12 फीसदी निवेश सौदे मिले। जानिए एग्रीटेक, फूडटेक और कृषि स्टार्टअप में निवेश का नया रुझान।
भारत के एग्रीफूडटेक (Agri-FoodTech) सेक्टर में साल 2025 के दौरान 701 मिलियन डॉलर (करीब 6,300 करोड़ रुपये) से ज्यादा का निवेश हुआ। इस दौरान 185 निवेश सौदे हुए। हालांकि, निवेश की कुल रकम के बावजूद नए स्टार्टअप को मिलने वाली फंडिंग में कमी आई है। निवेशकों ने नई कंपनियों के बजाय पहले से स्थापित और बेहतर प्रदर्शन करने वाली कंपनियों पर ज्यादा भरोसा जताया।
थिंकएग (ThinkAg) की रिपोर्ट के मुताबिक, एग्रीटेक सेक्टर में निवेश करीब 426.65 मिलियन डॉलर पर स्थिर रहा। वहीं, फूडटेक सेक्टर में निवेश सालाना आधार पर 20 फीसदी बढ़कर 249.71 मिलियन डॉलर पहुंच गया। इसके अलावा, कृषि और खाद्य क्षेत्र से निकलने वाले कचरे के बेहतर इस्तेमाल से जुड़े वेस्टटेक सेक्टर में भी निवेश नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
रिपोर्ट 'एग्रीफूडटेक इन इंडिया- इनोवेशन एंड इन्वेस्टमेंट' के अनुसार, साल 2023 से इस सेक्टर में निवेश और सौदों की संख्या लगभग एक स्तर पर बनी हुई है। हर साल निवेश 370 से 460 मिलियन डॉलर के बीच रहा, जबकि निवेश सौदों की संख्या करीब 100 के आसपास रही। इससे पहले 2022 में इस सेक्टर में 119 सौदों के जरिए 808 मिलियन डॉलर का रिकॉर्ड निवेश हुआ था।
निवेश में कमी से कंपनियों का कारोबार हुआ मजबूत
थिंकएग के सह-संस्थापक हेमेंद्र माथुर के मुताबिक, एग्रीफूडटेक सेक्टर अब केवल निवेश जुटाने की दौड़ में नहीं है। कंपनियां अपने खर्च और मुनाफे पर ध्यान दे रही हैं। कई कंपनियां अपने कारोबार को मजबूत करने और घाटा कम करने में जुटी हैं, जबकि कुछ कंपनियां मुनाफे में भी आने लगी हैं।
उन्होंने कहा कि निवेश की रफ्तार धीमी होने से कंपनियों में पूंजी के सही इस्तेमाल पर जोर बढ़ा है। अब निवेशक ऐसी कंपनियों को प्राथमिकता दे रहे हैं, जो कम पूंजी में बेहतर कारोबार कर सकें। इस दौरान कुछ कंपनियों को शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने और बड़ी कंपनियों के अधिग्रहण के जरिए बाहर निकलने का मौका भी मिला है।
नए स्टार्टअप को सिर्फ 12 फीसदी निवेश
रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में पहली बार निवेश पाने वाले स्टार्टअप की हिस्सेदारी कुल निवेश सौदों में सिर्फ 12 फीसदी रही। यह 2023 के सबसे निचले स्तर के बराबर है। खास बात यह है कि एग्रीटेक का सबसे बड़ा और विकसित क्षेत्र डाउनस्ट्रीम एग्रीटेक (किसानों से उत्पाद खरीदने, भंडारण, प्रसंस्करण और बाजार तक पहुंचाने से जुड़ा कारोबार) में किसी भी नए स्टार्टअप को पहली बार निवेश नहीं मिला।इससे पता चलता है कि निवेशक अब नए कारोबार शुरू करने वाली कंपनियों के बजाय पहले से स्थापित कंपनियों में पैसा लगाने को प्राथमिकता दे रहे हैं।
हालांकि, कुछ नए क्षेत्रों में निवेश की उम्मीद बनी हुई है। पहली बार निवेश पाने वाले स्टार्टअप में कीटों से प्रोटीन बनाने, कृषि वित्तीय तकनीक (AgFinTech) और खास तरह की कृषि उपज की सप्लाई चेन से जुड़े कारोबार शामिल रहे। एग्रीबायोटेक और नियंत्रित वातावरण में खेती (Controlled Environment Agriculture) से जुड़े नए स्टार्टअप को भी पिछले कुछ वर्षों के मुकाबले ज्यादा निवेश मिला। रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले समय में सैटेलाइट और ड्रोन से खेतों की निगरानी, मौसम और जलवायु से जुड़ी तकनीक पर काम करने वाले स्टार्टअप तेजी से आगे बढ़ सकते हैं।
छोटे निवेश सौदे बढ़े, औसत निवेश घटा
साल 2025 में निवेश के औसत आकार में भी कमी आई। अब निवेशक बड़ी रकम लगाने के बजाय छोटे सौदों को प्राथमिकता दे रहे हैं। 5 मिलियन डॉलर से कम के निवेश सौदों की हिस्सेदारी कुल सौदों में करीब 80 फीसदी पहुंच गई। वहीं, 15 मिलियन डॉलर से अधिक के बड़े निवेश सौदों की संख्या घटकर सिर्फ छह रह गई, जबकि 2022 में ऐसे 15 सौदे हुए थे। इसका असर औसत निवेश पर भी पड़ा। साल 2022 में जहां एक निवेश सौदे का औसत आकार 6.80 मिलियन डॉलर था, वहीं 2025 में घटकर 4.31 मिलियन डॉलर रह गया।
2026-27 में भी निवेश की रफ्तार धीमी रहने का अनुमान
रिपोर्ट के मुताबिक, 2026-27 में भी एग्रीटेक सेक्टर में निवेश को लेकर सतर्कता बनी रह सकती है। इस दौरान सालाना निवेश 370 से 460 मिलियन डॉलर के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि, किसी बड़ी कंपनी के शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने या बड़े निवेशक को सफल निकास मिलने से इस सेक्टर में निवेशकों का भरोसा बढ़ सकता है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।