विज्ञापन
Home› Baat Pate Ki› Janch Parakh› Poor Rainfed Farmers Help Recharge Groundwater While Wealthier Farmers Orchards Drive Its Depletion Study

नई रिसर्च: बारिश पर निर्भर गरीब किसानों के खेत बचा रहे भूजल, अमीर किसानों के फलदार बागान तेजी से खींच रहे पानी

डॉ उमाशंकर मिश्र, नई दिल्ली Published by: Umashankar Mishra Updated Wed, 11 Nov 2026 05:48 PM IST
सार

बारिश के भरोसे मूंगफली उगाने वाले गरीब किसान और चरागाह भूजल को फिर से भरने में मदद कर रहे हैं, जबकि अनार, मौसंबी और अंगूर के सिंचित बागान जमीन के भीतर जमा पानी का तेजी से दोहन कर रहे हैं।

अनार, मौसंबी और अंगूर के सिंचित बागान जमीन के भीतर जमा पानी का तेजी से दोहन कर रहे हैं।
अनार, मौसंबी और अंगूर के सिंचित बागान जमीन के भीतर जमा पानी का तेजी से दोहन कर रहे हैं। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आंध्र प्रदेश के रायलसीमा क्षेत्र में हुए एक नए शोध से खेती और भूजल के बीच एक दिलचस्प तस्वीर सामने आई है। बारिश के भरोसे मूंगफली उगाने वाले गरीब किसान और चरागाह भूजल को फिर से भरने में मदद कर रहे हैं, जबकि अनार, मौसंबी और अंगूर के सिंचित बागान जमीन के भीतर जमा पानी का तेजी से दोहन कर रहे हैं।

भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी) के इंडो-फ्रेंच सेल फॉर वाटर साइंसेज के शोधकर्ताओं ने यह अध्ययन किया है। इसमें पानी का आकलन करने का एक नया तरीका अपनाया गया है, जो यह भी बताता है कि अलग-अलग तरह की खेती भूजल को कितना निकालती है और उसे दोबारा भरने में कितना योगदान देती है।

भूजल का हिसाब लगाने का नया तरीका
शोधकर्ताओं ने इसके लिए ब्लू वाटर पोटेंशियल (बीडब्ल्यूपी) नाम का नया संकेतक विकसित किया है। इसके जरिये भूजल के पुनर्भरण और सिंचाई के लिए जरूरी पानी के बीच का अंतर पता लगाया जाता है।

बीडब्ल्यूपी सकारात्मक होने का मतलब है कि खेती में सिंचाई के लिए जितने पानी की जरूरत है, उससे अधिक पानी जमीन में पहुंच रहा है। वहीं, नकारात्मक बीडब्ल्यूपी बताता है कि सिंचाई में इस्तेमाल होने वाला पानी भूजल में वापस पहुंचने वाले पानी से अधिक है।

फलों के बागान पर भारी पड़ रहा पानी का खर्च
आंध्र प्रदेश के अर्ध-शुष्क रायलसीमा क्षेत्र के एक गांव में किए गए अध्ययन में खेती के अलग-अलग तरीकों के बीच बड़ा अंतर मिला है। अनार, मौसंबी और अंगूर जैसे बारहमासी सिंचित बागानों का बीडब्ल्यूपी काफी नकारात्मक पाया गया। ये हर साल करीब 1,000 से 1,200 मिलीमीटर अधिक पानी इस्तेमाल करते हैं, जितना भूजल में वापस पहुंचता है।

इसके ठीक उलट, बारिश के भरोसे होने वाली मूंगफली की खेती और घास के मैदानों का बीडब्ल्यूपी सकारात्मक रहा। इनसे हर साल करीब 200 से 300 मिलीमीटर पानी भूजल में पहुंचने में मदद मिलती है।

26 फीसदी संपन्न किसान कर रहे अधिकांश दोहन
गांव के स्तर पर किए गए आकलन में सामाजिक और आर्थिक असमानता भी सामने आई। अध्ययन के मुताबिक, करीब 26 फीसदी अपेक्षाकृत संपन्न किसान बागवानी के लिए अधिकांश भूजल का इस्तेमाल कर रहे हैं। दूसरी ओर, गरीब किसान बारिश के भरोसे मूंगफली उगाते हैं और पशुपालकों के चरागाह भी भूजल को फिर भरने में मदद करते हैं।

इसका मतलब है कि कम कमाई वाले किसान और पशुपालक उस जल संसाधन को बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं, जिस पर अधिक मुनाफे वाली सिंचित खेती निर्भर है। शोधकर्ताओं का कहना है कि सरकारी नीतियों में अक्सर इन किसानों के योगदान को पर्याप्त महत्व नहीं मिलता।

बागवानी बढ़ी तो बिगड़ सकता है जल संतुलन
अध्ययन की प्रमुख लेखिका शार्लट हेमिंग्वे के मुताबिक, फिलहाल क्षेत्र का कुल जल संतुलन सकारात्मक है, लेकिन अनार, मौसंबी और अंगूर जैसे फलों के बागानों का रकबा थोड़ा भी बढ़ा तो भूजल पर दबाव बढ़ सकता है। खासकर तब, जब इनके विस्तार के लिए बारिश आधारित खेती और चरागाहों की जमीन कम की जाती है।

यह चिंता इसलिए भी अहम है, क्योंकि आंध्र प्रदेश सरकार ने रायलसीमा को दुनिया का 'फ्रूट बाउल' बनाने के लिए करीब एक लाख करोड़ रुपये की परियोजना घोषित की है। इसके तहत क्षेत्र में बागवानी का रकबा 8.41 लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर 14.41 लाख हेक्टेयर करने की योजना है। इसके लिए बड़ी सिंचाई परियोजनाओं के जरिये पानी उपलब्ध कराया जाएगा।

नहरों के पानी का भी हो सही आकलन
आईआईएससी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर एम. शेखर का कहना है कि क्षेत्र का मौजूदा जल संतुलन नाजुक है। इसलिए, यह आकलन जरूरी है कि नहरों के जरिये कितना पानी लाया जाएगा और उससे गांवों में भूजल की स्थिति पर क्या असर पड़ेगा।

शेखर का कहना है कि जलवायु परिवर्तन और भविष्य में फसलों के बदलते स्वरूप को देखते हुए पानी की जरूरतों का टिकाऊ प्रबंधन भी जरूरी है।

शोध में आईआईएससी की पूर्व छात्रा रुतुजा चित्रा-तारक के नेतृत्व में विकसित ओपन-सोर्स सॉफ्टवेयर भी शामिल है। इसकी मदद से किसी भी क्षेत्र या फसल के लिए ब्लू वाटर पोटेंशियल की गणना की जा सकती है। शोधकर्ताओं को उम्मीद है कि इससे खेती और पानी के बीच संतुलन बनाने वाली नीतियां तैयार करने में मदद मिलेगी।

अध्ययन का संदेश साफ है कि भूजल बचाने में केवल सिंचाई करने वाले किसानों की भूमिका नहीं होती। बारिश-आधारित खेती और चरागाह भी जमीन के भीतर पानी का भंडार बढ़ाते हैं। इसलिए कृषि विकास की योजनाएं बनाते समय इनका महत्व समझना जरूरी है, ताकि बागवानी का विस्तार भूजल संकट की वजह न बन जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन