Home›Youth Junction›
Pm Modi Over 51 000 Youth Get Appointment Letters As Small Town And Rural India Drive Startup Growth
20वां रोजगार मेला: 51,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र, PM मोदी बोले - छोटे शहरों-गांवों के युवा लिख रहे नई कहानी
गांव जंक्शन डेस्क, लातूर
Published by: Umashankar Mishra
Updated Sat, 19 Sep 2026 01:58 PM IST
सार
पीएम नरेंद्र मोदी ने 20वें रोजगार मेले में 51,000 से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, टियर-2, टियर-3 शहरों और गांवों के युवा बन रहे भारत की स्टार्टअप और रोजगार क्रांति का हिस्सा। जानिए, विस्तार से...
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाने की यात्रा में युवाओं की भूमिका बेहद अहम है।
- फोटो : गांव जंक्शन
त्योहारों की रौनक के बीच शनिवार को देशभर के हजारों परिवारों के लिए एक और खुशी की वजह जुड़ गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि 20वें रोजगार मेले के तहत देशभर में 51,000 से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे जा रहे हैं।
नवनियुक्त युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाने की यात्रा में युवाओं की भूमिका बेहद अहम है।
India's Yuva Shakti is at the heart of our journey towards a Viksit Bharat. The Rozgar Mela reflects our commitment to creating new opportunities for the youth. https://t.co/lHgFkJ6zmM
छोटे शहरों और गांवों के युवा लिख रहे नई कहानी
पीएम मोदी ने खास तौर पर इस बात पर जोर दिया कि भारत की स्टार्टअप कहानी अब सिर्फ बड़े महानगरों तक सीमित नहीं रही। उन्होंने बताया कि आज मान्यता प्राप्त स्टार्टअप्स में से करीब आधे टियर-2 और टियर-3 शहरों में स्थित हैं।
गांवों, कस्बों और छोटे शहरों के युवा अब देश की नई अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये युवा अपने विचारों पर काम कर रहे हैं, नई कंपनियां शुरू कर रहे हैं और दूसरों के लिए भी रोजगार के मौके दे रहे हैं। भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है।
किसान, महिलाएं और युवा - सब बनें भागीदार
हाल ही में संपन्न हुए ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की कोशिश रही है कि ब्रिक्स सहयोग सिर्फ सरकारों तक सीमित न रहे, बल्कि किसान, महिलाएं, उद्यमी और युवा भी इसमें सक्रिय भागीदार बनें।
पीएम मोदी ने बताया कि इसी सोच के साथ 'ब्रिक्स कनेक्ट' और 'ब्रिक्स MSME सहयोग पोर्टल' जैसी पहलें शुरू की गई हैं, जिनका सीधा फायदा छोटे उद्यमियों और ग्रामीण कारोबारियों तक पहुंच सकता है।
मुक्त व्यापार समझौतों से युवाओं के लिए नए रास्ते
प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत ने पिछले कुछ वर्षों में करीब 40 देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) किए हैं। उनका कहना था कि ये समझौते युवाओं के लिए नए अवसरों के दरवाजे खोल रहे हैं। नए बाजारों तक पहुंच बन रही है, उद्यमियों के लिए नई साझेदारियां संभव हो रही हैं, और युवाओं के करियर के लिए नई संभावनाएं तैयार हो रही हैं।
स्किल इंडिया और ITI आधुनिकीकरण पर जोर
पीएम मोदी ने बताया कि सरकार लगातार युवाओं को भविष्य के लिए तैयार करने पर काम कर रही है, जिसमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति, स्किल इंडिया मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना और अप्रेंटिसशिप को बढ़ावा देने जैसी पहलें शामिल हैं।
उन्होंने पीएम सेतु योजना का उदाहरण देते हुए बताया कि इसके तहत 60,000 करोड़ रुपये के निवेश से 1,000 सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) का आधुनिकीकरण किया जा रहा है, जिसमें उद्योग जगत की सीधी भागीदारी भी शामिल है — यह पहल छोटे शहरों और गांवों के युवाओं के लिए कौशल विकास का बड़ा जरिया
बन सकती है।
निजी क्षेत्र में भी रोजगार बढ़ाने की कोशिश
प्रधानमंत्री ने बताया कि सरकार निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ाने पर काम कर रही है। इसी सोच के साथ करीब 1 लाख करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ 'प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना' शुरू की गई है, जिसके जरिए करीब 2 करोड़ युवाओं को पहली बार कार्यबल में शामिल होने का मौका मिलेगा। इस योजना के तहत पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को 15,000 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है, वहीं नियोक्ताओं को भी नए रोजगार सृजन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
45 जगहों पर आयोजित हुआ रोजगार मेला
यह 20वां रोजगार मेला देशभर के 45 स्थानों पर आयोजित किया गया, जिसमें 51,000 से ज्यादा नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। नवनियुक्त युवा राजस्व विभाग, रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और रक्षा मंत्रालय जैसे विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में शामिल हो रहे हैं। इस आयोजन के साथ ही रोजगार मेला पहल के तहत अब तक करीब 12.75 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र मिल चुके हैं।
पुणे से भी आई खुशी की तस्वीरें
पुणे में केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि प्रधानमंत्री का युवा रोजगार को लेकर विजन अब जमीनी हकीकत बन रहा है, और अब तक देशभर में 12 लाख युवा इस पहल के जरिए राष्ट्रीय सेवा की मुख्यधारा से जुड़ चुके हैं।
पुणे में नीरज कंसल ने बताया कि यहां DRDO, आयकर विभाग, सीमा शुल्क, रेलवे और अर्धसैनिक बलों सहित विभिन्न विभागों में 200 से ज्यादा नियुक्ति पत्र वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नियुक्ति पत्र पाने वाले सभी युवा कार्यक्रम में मौजूद रहे, कई अपने माता-पिता के साथ आए, जिससे आयोजन में सकारात्मक माहौल बना रहा।
इससे पहले मई 2026 में आयोजित 19वें रोजगार मेले में 47 स्थानों पर 51,000 से ज्यादा नियुक्ति पत्र बांटे गए थे, और उस समय तक पहले 18 रोजगार मेलों के जरिए करीब 12 लाख नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके थे।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।