राजस्थान के भरतपुर जिले में रबी सीजन के दौरान किसान अपनी कमाई में बढ़ोतरी कर सकते हैं। आमतौर पर इस क्षेत्र के किसान बड़े पैमाने पर केवल सरसों और गेहूं की खेती पर निर्भर रहते हैं। लेकिन, कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, अगर किसान इन पारंपरिक फसलों के साथ-साथ चना, जौ, विभिन्न दलहनी फसलों और सब्जियों की खेती करें, तो उनके लिए कमाई के नए और बेहतर विकल्प खुल सकते हैं।
फसल विविधीकरण के कई फायदे
भरतपुर क्षेत्र खासतौर से रबी फसलों की पैदावार के लिए जाना जाता है। कृषि विशेषज्ञ डॉ. उदयभान सिंह के अनुसार, केवल सरसों और गेहूं पर निर्भर रहने से मौसम की अनिश्चितता और बाजार में कीमतों के उतार-चढ़ाव का सीधा नुकसान किसानों को उठाना पड़ता है।
डॉ. सिंह का कहना है कि किसान अपनी जमीन और संसाधनों के अनुसार अन्य फसलों की तरफ भी रुख कर सकते हैं। स्थानीय जलवायु और मिट्टी के अनुसार चना, जौ और दलहनी फसलें आसानी से उगाई जा सकती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, दलहन और सब्जियों की मांग बाजार में हमेशा बनी रहती है और इनसे कम समय में अच्छा मुनाफा मिलता है। इसके अलावा, खेत में एक से ज्यादा तरह की फसलें उगाने से मिट्टी की उपजाऊ क्षमता (उर्वरता) भी बढ़ती है।
गेहूं से लेकर जौ तक की बुवाई का सही समय
फसल से अच्छा उत्पादन लेने के लिए सही समय पर बुवाई करना बेहद जरूरी है। सरसों के लिए सितंबर के आखिरी हफ्ते से लेकर अक्तूबर का पूरा महीना बुवाई के लिए सबसे अच्छा समय माना जाता है। इसी तरह गेहूं की बुवाई के लिए नवंबर का महीना, चना के लिए अक्तूबस से नवंबर और जौ के लिए अक्तूबर के आखिरी दिनों से नवंबत तक का समय अच्छा रहता है।
:बुवाई का समय तय करते समय किसानों को स्थानीय मौसम, मिट्टी की नमी, सिंचाई की व्यवस्था और बाजार की मांग का ध्यान रखना चाहिए।
खेती की तैयारी से बेहतर उपज
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, अच्छी पैदावार के लिए केवल सही समय पर बुवाई ही काफी नहीं है, बल्कि खेत की तैयारी भी अहम है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे बुवाई से पहले अपने खेत की 'मिट्टी की जांच' जरूर करवाएं। इससे यह पता चलता है कि मिट्टी में किन पोषक तत्वों की कमी है, जिससे सही मात्रा में खाद और उर्वरक का इस्तेमाल किया जा सकता है।
इसके साथ ही, किसानों को हमेशा 'प्रमाणित बीजों' का ही इस्तेमाल करना चाहिए, जिससे फसल की गुणवत्ता और पैदावार दोनों बढ़ती हैं। खेत की अच्छी जुताई, समय पर सिंचाई और फसलों को कीटों व रोगों से बचाकर किसान अपनी खेती को ज्यादा सुरक्षित और लाभदायक बना सकते हैं।