विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Drought Hit Karnataka Farmers Struggle As Paddy Prices Fall Despite Poor Harvest

कर्नाटक : सूखे की मार से धान की फसल प्रभावित, अब मंडी में भी नहीं मिल रहा उचित भाव

गांव जंक्शन डेस्क, रायचूर Published by: Umashankar Mishra Updated Tue, 24 Nov 2026 06:21 PM IST
सार

कर्नाटक के रायचूर में सूखे और कम बारिश से धान की पैदावार प्रभावित हुई है। इसके बावजूद मंडी में धान का भाव एक सप्ताह में घटकर 2,800 से 3,500 रुपये प्रति क्विंटल रह गया है।

कर्नाटक के धान के कटोरे के नाम से मशहूर रायचूर में स्थिति काफी गंभीर है।
कर्नाटक के धान के कटोरे के नाम से मशहूर रायचूर में स्थिति काफी गंभीर है। - फोटो : AI Image
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कर्नाटक में सूखे और बारिश की कमी से धान की फसल प्रभावित होने के बाद अब किसानों को मंडियों में भी उचित भाव नहीं मिल रहा है। मानसून और मानसून के बाद की बारिश दोनों कमजोर रहने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जिन किसानों ने बोरवेल के पानी से किसी तरह धान की फसल तैयार की, उन्हें भी सीमित पैदावार के साथ गिरती कीमतों का सामना करना पड़ रहा है।

कर्नाटक के धान के कटोरे के नाम से मशहूर रायचूर में स्थिति काफी गंभीर है। तुंगभद्रा और कृष्णा नदियों के बीच बसे इस इलाके में पर्याप्त बारिश नहीं होने से दोनों नदियों में पानी कम हो गया है। किसानों को सिंचाई के साथ बिजली की कमी से भी जूझना पड़ रहा है।

500 से 700 रुपये प्रति क्विंटल तक गिरा भाव
रायचूर गुंज मंडी में रायचूर और आसपास की तहसीलों से बड़ी मात्रा में धान पहुंच रहा है। लेकिन किसान बेहतर कीमत मिलने की उम्मीद में पिछले दो से तीन दिनों से अपनी उपज मंडी में रखे हुए हैं।

किसानों के मुताबिक, एक सप्ताह पहले धान 3,500 से 4,000 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा था। अब इसका भाव घटकर 2,800 से 3,500 रुपये प्रति क्विंटल रह गया है। इससे पहले ही कम पैदावार और पानी की कमी से नुकसान उठा चुके किसानों की परेशानी और बढ़ गई है।

धान सस्ता, लेकिन चावल के दाम ऊंचे
किसानों ने धान और चावल की कीमतों में अंतर पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मंडियों में धान कम कीमत पर बिक रहा है, जबकि बाजार में चावल महंगे दामों पर बेचा जा रहा है। किसानों का आरोप है कि पड़ोसी राज्यों से धान की आवक बढ़ने से स्थानीय उपज की कीमतों पर भी दबाव पड़ा है। मौजूदा भाव से खेती की लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है।

सरकार से उचित मूल्य दिलाने की मांग
किसानों ने सरकार पर खेती-किसानी की अनदेखी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि किसान अपनी मेहनत से सरकार और अर्थव्यवस्था को सहारा देते हैं, लेकिन मुश्किल समय में उन्हें पर्याप्त मदद नहीं मिलती।

सूखे और धान की गिरती कीमतों के दोहरे असर से रायचूर के किसान आर्थिक संकट में हैं। उन्होंने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर उपज का उचित और लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन