विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Despite The Recession In The Entire Auto Sector Tractors Ran Record Sales Of 79 285 In October 80 Buyers F

ऑटो सेक्टर में मंदी के बावजूद दौड़े ट्रैक्टर : अक्टूबर में 79,285 की रिकॉर्ड बिक्री, 80% खरीदार गांवों से

गांव जंक्शन डेस्क, लखनऊ Published by: Devesh Saraswat Updated Sat, 07 Nov 2026 05:44 PM IST
सार

  • अक्टूबर 2026 में ट्रैक्टरों की खुदरा बिक्री ने बनाया नया रिकॉर्ड।
  • देश में कुल 79,285 ट्रैक्टरों का रजिस्ट्रेशन हुआ।
  • ट्रैक्टरों की कुल बिक्री में ग्रामीण बाजार की हिस्सेदारी 80.2 फीसदी।
  • अप्रैल से अक्टूबर तक ट्रैक्टर बिक्री में 17.72 फीसदी की बढ़ोतरी।
  • महिंद्रा और स्वराज की बाजार हिस्सेदारी करीब 41 फीसदी रही।

अक्तूबर में कैसा रहा ट्रैक्टर बाजार का मिजाज?
अक्तूबर में कैसा रहा ट्रैक्टर बाजार का मिजाज? - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश में ट्रैक्टरों की मांग लगातार बनी हुई है। अक्टूबर 2026 में ट्रैक्टरों की खुदरा बिक्री ने नया रिकॉर्ड बनाया है। इस महीने कुल 79,285 ट्रैक्टरों का रजिस्ट्रेशन हुआ, जबकि अक्टूबर 2025 में यह आंकड़ा 76,898 यूनिट था। यानी पिछले साल के मुकाबले बिक्री में 3.10 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।

फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर 2026 के मुकाबले भी अक्टूबर में ट्रैक्टरों की बिक्री 3.09 फीसदी बढ़ी। सितंबर में कुल 76,906 ट्रैक्टरों का रजिस्ट्रेशन हुआ था। खास बात यह है कि अक्टूबर में ट्रैक्टरों की बिक्री उस समय बढ़ी, जब देश में कुल वाहनों की खुदरा बिक्री में गिरावट दर्ज की गई।

ट्रैक्टरों की कुल बिक्री में ग्रामीण इलाकों की हिस्सेदारी 80 फीसदी से ज्यादा
अक्टूबर में ट्रैक्टरों की मांग बढ़ाने में ग्रामीण बाजारों की सबसे बड़ी भूमिका रही। FADA के आंकड़ों के अनुसार, इस महीने कुल ट्रैक्टर रजिस्ट्रेशन में ग्रामीण इलाकों की हिस्सेदारी 80.2 फीसदी रही।

अक्टूबर 2025 के मुकाबले इस साल ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रैक्टरों की बिक्री 5.83 फीसदी बढ़ी। वहीं, शहरी इलाकों में ट्रैक्टरों का रजिस्ट्रेशन 6.62 फीसदी घट गया। हालांकि, सितंबर के मुकाबले अक्टूबर में शहरी बाजार में 9.96 फीसदी और ग्रामीण बाजार में 1.53 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

अप्रैल से अक्टूबर तक 17.72 फीसदी बढ़ी ट्रैक्टरों की बिक्री
चालू वित्त वर्ष में भी ट्रैक्टर बाजार की बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच देश में कुल 6,37,620 ट्रैक्टरों का रजिस्ट्रेशन हुआ। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह संख्या 5,41,624 यूनिट थी। इस तरह सालाना आधार पर बिक्री में 17.72 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।

नवरात्रि के दौरान भी ट्रैक्टरों की बिक्री में बढ़ोतरी देखने को मिली। 11 से 20 अक्टूबर 2026 के बीच कुल 23,036 ट्रैक्टरों का रजिस्ट्रेशन हुआ, जो पिछले साल की नवरात्रि के दौरान दर्ज 22,489 यूनिट के मुकाबले 2.43 फीसदी अधिक है। वहीं, नवरात्रि 2024 के दौरान हुई 18,875 यूनिट की बिक्री के मुकाबले यह 22.05 फीसदी ज्यादा रही।

महिंद्रा और स्वराज की सबसे ज्यादा बिक्री, दोनों की हिस्सेदारी करीब 41 फीसदी
कंपनी के हिसाब से देखें तो अक्टूबर में महिंद्रा एंड महिंद्रा की ट्रैक्टर डिवीजन सबसे आगे रही। कंपनी ने 18,263 ट्रैक्टर बेचे और बाजार में उसकी हिस्सेदारी 23.03 फीसदी रही। पिछले साल अक्टूबर में कंपनी ने 16,967 ट्रैक्टर बेचे थे और उसकी बाजार हिस्सेदारी 22.06 फीसदी थी।

वहीं, महिंद्रा की स्वराज डिवीजन ने अक्टूबर 2026 में 14,206 ट्रैक्टर बेचे। इस डिवीजन की बाजार हिस्सेदारी 17.92 फीसदी रही। अक्टूबर 2025 में स्वराज ने 13,379 ट्रैक्टर बेचे थे और उसकी हिस्सेदारी 17.40 फीसदी थी। इस तरह महिंद्रा की दोनों डिवीजनों की कुल बाजार हिस्सेदारी करीब 41 फीसदी रही।

इंटरनेशनल ट्रैक्टर्स लिमिटेड 10,364 ट्रैक्टरों की बिक्री के साथ तीसरे स्थान पर रही। कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 13.07 फीसदी रही। इसके बाद TAFE ने 9,256 और एस्कॉर्ट्स कुबोटा ने 8,331 ट्रैक्टर बेचे। जॉन डियर ने अक्टूबर में 6,439 ट्रैक्टरों का रजिस्ट्रेशन दर्ज किया, जबकि आइशर ट्रैक्टर्स की बिक्री 4,858 यूनिट रही। CNH इंडस्ट्रियल ने 3,992 ट्रैक्टर बेचे।

ट्रैक्टर बाजार में डीजल की हिस्सेदारी 99.96 फीसदी
अक्टूबर में बिकने वाले ट्रैक्टरों में डीजल मॉडल की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा रही। कुल बिक्री में 99.96 फीसदी ट्रैक्टर डीजल से चलने वाले थे। वहीं, इलेक्ट्रिक ट्रैक्टरों की हिस्सेदारी सिर्फ 0.04 फीसदी रही। इस महीने करीब 32 इलेक्ट्रिक ट्रैक्टरों का रजिस्ट्रेशन हुआ।

FADA के अनुसार, अक्टूबर में देश के कुल वाहन बाजार की खुदरा बिक्री में सालाना आधार पर 23.80 फीसदी की गिरावट आई। संगठन ने इसकी मुख्य वजह त्योहारों की तारीखों में बदलाव को बताया। इस साल दिवाली पूरी तरह नवंबर में पड़ी, जबकि पिछले साल दिवाली अक्टूबर में थी। बता दें कि FADA के अक्टूबर के इन आंकड़ों में तेलंगाना शामिल नहीं है। 
 


विज्ञापन
विज्ञापन