विज्ञापन
Home› Khabar Junction› A Blow To Nashik The Onion Hub Production Could Fall By Up To 49 What Might Be The Impact On Prices Find O

प्याज के गढ़ नासिक को झटका : 49% तक गिर सकती है पैदावार, कीमतों पर क्या पड़ सकता है असर? जानें...

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Sat, 21 Nov 2026 08:59 PM IST
सार

  • प्याज की खेती का गढ़ इस सीजन उत्पदान में भारी गिरावट का सामना कर सकता है
  • नासिक में खरीफ और लेट खरीफ प्याज का उत्पादन 49% घटने का अनुमान
  • प्याज उत्पादन पिछले साल के 14.92 लाख टन से घटकर 7.6 लाख टन रह सकता है
  • अगस्त-सितंबर में कम बारिश से प्याज की बुवाई और पैदावार पर असर

नासिक के प्याज उत्पादन में भारी गिरावट के आसार।
नासिक के प्याज उत्पादन में भारी गिरावट के आसार। - फोटो : AI Image
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत में प्याज की खेती के हब का तमगा रखने वाला नासिक जिला इस बार भारी गिरावट का सामना कर सकता है। आंकड़ों के अनुसार, इस सजीन में जिले में प्याज की पैदावार में करीब 49 प्रतिशत की भारी गिरावट आने की आशंका है। कृषि विभाग के अनुमानों के अनुसार, जिले में खरीफ और लेट खरीफ प्याज का कुल उत्पादन लगभग 7.6 लाख टन रहने की उम्मीद है, जबकि पिछले साल यह 14.92 लाख टन दर्ज किया गया था। विभाग ने उत्पादन में इस बड़ी कमी के लिए बुवाई के रकबे में आई गिरावट और सूखे से फसल को हुए नुकसान को मुख्य रूप से जिम्मेदार बताया है।

रकबा 24 प्रतिशत घटा, 41 हजार हेक्टेयर फसल सूखे की चपेट में
विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, नासिक में खरीफ और लेट खरीफ प्याज की खेती का क्षेत्र सामान्य 99,491 हेक्टेयर के मुकाबले लगभग 24 प्रतिशत घटकर 75,000 हेक्टेयर रह गया है। इसमें से भी करीब 41,000 हेक्टेयर क्षेत्र में लगी फसल सूखे से प्रभावित हुई है। कृषि अधिकारियों का अनुमान है कि सूखे की मार झेल रही इस जमीन पर प्याज की उपज सामान्य औसत 15 टन प्रति हेक्टेयर से गिरकर महज 6 टन प्रति हेक्टेयर तक सिमट सकती है।

अगस्त-सितंबर की कम बारिश ने बिगाड़ा बुवाई और फसल का गणित
कृषि अधिकारियों के अनुसार, जिले में खरीफ प्याज के रकबे में करीब 34 प्रतिशत और लेट खरीफ प्याज की खेती में लगभग 20 प्रतिशत की कमी आई है। अधिकारियों ने इस झटके का कारण अगस्त और सितंबर महीनों के दौरान लंबे समय तक सूखे रहने और अपर्याप्त बारिश को बताया है, जिससे प्याज की रोपाई का काम प्रभावित हुआ और खेतों में खड़ी फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा।

थोक मंडियों में घट सकती है आवक, कीमतों पर पड़ सकता है असर
उत्पादन में इस संभावित गिरावट का सीधा असर आने वाले सप्ताहों में बाजार पर दिख सकता है, जिससे थोक मंडियों में प्याज की आपूर्ति सिमटने और कीमतों पर दबाव बढ़ने की आशंका है। इसके साथ ही, गर्मियों वाली किस्मों की तुलना में खरीफ और लेट खरीफ प्याज की भंडारण क्षमता कम होती है, जिससे इनमें भंडारण के दौरान नुकसान का खतरा अधिक रहता है और इन्हें लंबे समय तक रोककर नहीं रखा जा सकता। नासिक राज्य की प्याज आपूर्ति में महत्वपूर्ण योगदान देता है, ऐसे में यदि प्रमुख खपत वाले बाजारों में मांग बने रहने के दौरान मंडियों में आवक कम रहती है, तो इस कमी का असर जिले से बाहर अन्य बाजारों पर भी पड़ सकता है।


विज्ञापन
विज्ञापन