Home Paryavaran

Heatwave Alert Imd Warns About Heat Wave Know Where You Can Get Relief From Rain

Heatwave Alert: ग्रीष्म लहर को लेकर आईएमडी ने किया आगाह; जानें किन राज्यों में बारिश से मिल सकती है राहत

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Umashankar Mishra Updated Sun, 28 Apr 2024 05:02 PM IST
सार

बढ़ती गर्मी और ग्रीष्म लहर को लेकर भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने चेतावनी जारी की है। आईएमडी का कहना है कि इस समय भारत में लू का कहर चल रहा है और आने वाले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम रहेगा। बंगाल में रेड अलर्ट तो बिहार समेत कुछ राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी दी गई है।

ग्रीष्म लहर से बढ़ सकती हैं मुश्किलें।
ग्रीष्म लहर से बढ़ सकती हैं मुश्किलें। - फोटो : गांव जंक्शन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गर्मी का प्रकोप धीरे-धीरे बढ़ रहा और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उसके पार तक जा रहा है। ग्रीष्म लहरों को लेकर भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल में रेड अलर्ट जारी किया है। जबकि, बिहार और झारखंड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले कई दिनों तक गर्म हवाओं का प्रकोप रहेगा। 

मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तरी हिस्सों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। यहां भी लू से लोग परेशान रह सकते हैं। 

मौसम विभाग के अनुसार, गर्म और उमस भरे मौसम के कारण बंगाल और ओडिशा में दिन के अधिकतम तापमान में और वृद्धि की संभावना है। वहीं, लू के चलते लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ेगी। बढ़ती गर्मी और ग्रीष्म लहरों को लेकर भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के वैज्ञानिकों का कहना है कि 'ओडिशा में भी लू से बिगड़ते हालातों का सामना करना पड़ रहा है। यहां कुछ दिनों तक ऐसे ही हालात रहने वाले हैं। इसलिए, रेड अलर्ट जारी किया गया है।' 

पश्चिम बर्धमान जिले के पानागढ़ में शनिवार को पश्चिम बंगाल का अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कोलकाता में दिन का अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मेदिनीपुर का 43.5, बांकुड़ा का 43.2, बैरकपुर का 43.2, बर्धमान का 43, आसनसोल का 42.5, पुरुलिया का 42.7 और श्रीनिकेतन का 42 डिग्री सेल्सियस हैं।

ओडिशा के औद्योगिक शहर अंगुल में 44.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि राज्य की राजधानी भुवनेश्वर में 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो इस मौसम में पहली बार 44 डिग्री को पार कर चुका है। इसके अलावा, बारीपदा में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि बौध, ढेंकनाल और भवानीपटना में शनिवार को अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में दिन के तापमान में धीरे-धीरे एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का अनुमान जताया है और उसके बाद के दो दिनों तक कोई बड़ा बदलाव नहीं होने का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग ने रविवार को जम्मू-कश्मीर और तमिलनाडु में गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। आईएमडी ने आज सुबह मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र और उत्तरी तेलंगाना में बारिश और बिजली गिरने की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, पूर्वी मेघालय, नगालैंड और मणिपुर में रविवार को गरज के साथ हल्की बारिश की भी भविष्यवाणी की।

दिल्ली-एनसीआर के लोगों को शुक्रवार को हुई बारिश के बाद चिलचिलाती गर्मी से थोड़ी राहत मिली। शनिवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस से घटकर 38 डिग्री सेल्सियस हो गया। आईएमडी के पूर्वानुमान में सप्ताह के अंत में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। हालांकि, सोमवार तक अधिकतम तापमान फिर से 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाएगा।