विज्ञापन
Home› Kheti Kisani› Wheat Prices Government To Auction More Wheat Every Week Quota To Be Increased 9 6 Lakh Tonnes Sold Market

Wheat Prices: सरकार हर हफ्ते नीलाम करेगी ज्यादा गेहूं, कोटे में होगी बढ़त; 9.6 लाख टन बेचा, बाजार में टूटे दाम

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Sat, 28 Nov 2026 02:07 PM IST
सार

  • आम लोगों और आटा मिलों के लिए खुशखबरी है, सरकार ने अपनी साप्ताहिक ई-नीलामी के तहत गेहूं बिक्री का कोटा 4 लाख टन करने की योजना बनाई है
  • कोटा बढ़ने से बाजार में बढ़ेगी गेहूं की सप्लाई, कीमतों को काबू करना चाहती है सरकार
  • व्यापारियों का कहना है कि सरकारी नीलामी से गेहूं की कीमतों में नरमी देखने को मिली है

अगले हफ्ते से सरकार OMSS के तहत गेहूं का बिक्री कोटा बढ़ाएगी, कीमतों में दिखने लगी नरमी।
अगले हफ्ते से सरकार OMSS के तहत गेहूं का बिक्री कोटा बढ़ाएगी, कीमतों में दिखने लगी नरमी। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गेहूं की कीमतों को काबू में करने के लिए केंद्र सरकार ने खुले बाजार में बिक्री योजना के तहत सप्लाई बढ़ाने का फैसला लिया है। सरकार की योजना है कि भारतीय खाद्य निगम के अधिशेष गेहूं को  ई-नीलामी के माध्यम से बाजार में पहुंचाया जाए, जिससे कीमतों में आगामी महीनों में दबाव न बने।

बाजार में दिखने लगा सरकारी कदम का असर, 9.6 लाख टन गेहूं बेचा
बाजार जानकारों का कहना है कि सरकार की तरफ से खुले बाजार में गेहूं बेचने से कीमतों में नरमी आई है, जिससे बाजार भाव 3,100 रुपये प्रति क्विंटल से घटकर करीब 2,850 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गए हैं। अक्टूबर से अब तक सात साप्ताहिक नीलामियों में 10 लाख टन गेहूं की पेशकश के मुकाबले 9.6 लाख टन से अधिक गेहूं बिक चुका है।

30 लाख टन गेहूं बेचने की योजना, बढ़ेगी बिक्री कोटा
सरकार ने चालू वित्त वर्ष (2026-27) के दौरान 30 लाख टन गेहूं बेचने की योजना को हरी झंडी दिखाई है। ताजा निलामी में 3 लाख टन गेहूं रखा गया, जिसमें से 2.7 लाख टन मिलों ने खरीदा। अब अगले हफ्ते बिक्री कोटा को चार लाख टन करने की योजना है। आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में भारतीय खाद्य निगम के पास 440 लाख टन गेहूं का मजबूत भंडार है, जबकि 1 जनवरी के लिए तय बफर मानक मात्र 138 लाख टन का है।

अधिशेष अनाज और सरकारी खरीद का ब्योरा
अनाज कारोबारियों के मुताबिक, मुफ्त राशन और बफर की जरूरतों को पूरा करने के बाद भी सरकार के पास 200 लाख टन से अधिक अतिरिक्त गेहूं मौजूद है, जिसकी बिक्री मार्च 2027 के मध्य तक जारी रहने की संभावना है। चालू विपणन वर्ष में एफसीआई और राज्य एजेंसियों ने 2,585 रुपये प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य पर 350 लाख टन से अधिक गेहूं की रिकॉर्ड खरीद की है। सरकार प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के लिए सालाना 200 से 220 लाख टन गेहूं आवंटित करती है।


विज्ञापन
विज्ञापन